बिहार को विशेष राज्य के दर्जा के लिए पप्पू यादव उतरे सड़क पर

0
189

पटना। बिहार को विशेष राज्य के दर्जा के लिए नीतीश कुमार ने सबसे पहले मांग उठाई थी। भाजपा से दोस्ती के कारण केंद्र की भाजपा सरकार से दबाव देकर वह अपनी मांग दोबारा नहीं उठा सके। हालांकि इस मुद्दे पर कुछ ही महीने पहले नीतीश कुमार की पहल पर सर्वदलीय बैठक भी हुई थी। शनिवार को जनाधिकार पार्टी (जाप) के नेता पप्पू यादव ने बिहार बंद बुलाया। बंद का कई स्थानों पर खासा असर दिखा।

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर जन अधिकार पार्टी (जाप) ने आज बिहार बंद का ऐलान किया था। इसका असर आज सुबह से ही राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में देखने को मिला। सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए थे। जगह-जगह आगजनी और जुलूस निकाल कर सड़क और रेलमार्ग को लगातार बाधित करते रहे बंद समर्थक। राजधानी पटना में जाप कार्यकर्ता टमटम से सड़कों पर उतरे। इनकी अगुआई पप्पू यादव कर रहे थे।

- Advertisement -

बिहार बंद को असरदार बनाने के लिए जन अधिकार पार्टी के संयोजक पप्पू यादव अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतरे। पप्पू यादव अपने समर्थकों के साथ इनकम टैक्स चौराहा से डाकबंगला चौराहा तक गये। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और बिहार की नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं दिया जा रहा है? उन्होंने कहा कि नेता और अधिकारी मिलकर राज्य को लूट रहे हैं, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है।

जाप कार्यकर्ताओं ने हाजीपुर में भी बिहार बंद के दौरान सड़क जाम कर दिया। हाजीपुर में जाम होने के कारण महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं। गया में भी जाप कार्यकर्ताओं ने सिकड़िया मोड़ और अन्य जगह पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। जहानाबाद में भी जाप कार्यकर्ताओं ने एनएच-83 और एनएच-110 को सुबह से ही जाम कर रखा था।

- Advertisement -