BEGUSARAI BRIEF: देसी शराब बनाते दो महिला समेत 4 गिरफ्तार

0
528

बेगूसराय। बखरी पुलिस इन दिनों शराब माफियाओं पर पूरी तरह से नकेल कसने के मूड में नजर आ रही है। स्थानीय पुलिस बीते कुछ दिनों से शराब की बिक्री को पूरी तरह से रोकने के लिए जद्दोजहद करती नजर आ रही हैं। बखरी क्षेत्र में इन दिनों शराब को लेकर लगातार छापेमारी भी कर रही है। जिससे शराब माफियाओं के साथ-साथ शराबियों में हड़कंप मचा हुआ है। सोमवार की अहले सुबह दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर दो महिला धंधेबाजों समेत दो अन्य को गिरफ्तार किया गया।

लगभग तीन बजे बखरी पुलिस ने तीन जिलों के सीमावर्ती इलाके पचैला चौर में महुआ शराब को लेकर सघन छापेमारी की। पुलिस को बहुत बड़ी सफलता मिली। छापेमारी के दौरान लगभग दो हजार लीटर से अधिक अर्धनिर्मित महुआ शराब को नष्ट किया गया एवं दर्जनों भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल हुए। दो लोगों को शराब बनाते हुए मौके से गिरफ्तार किया गया। दूसरी ओर बखरी पुलिस ने रामपुर के गुढ़ियारी मोहल्ले से दो महिलाओं को शराब बनाते हुए गिरफ्तार किया। छानबीन के दौरान उसके घर 5 से लीटर महुआ शराब भी बरामद किया गया। इस मामले में फूलो मुखिया के 45 वर्षीय पुत्र अशोक मुखिया, सोनेलाल मुखिया के 47 वर्षीय पुत्र पशुपति मुखिया, सिंघेश्वर मुखिया की 55 वर्षीय पत्नी माजा देवी एवं उनकी 28 वर्षीय पुत्री ममता देवी को गिरफ्तार किया गया। दो हजार लीटर से अधिक अर्धनिर्मित महुआ शराब सहित 25 लीटर देसी शराब बरामद किया गया। वहीं इन दोनों मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

- Advertisement -

 अपराधियों ने बाइक सवार व ट्रक ड्राइवर से रुपये लूटे

बेगूसराय। भगवानपुर थाना क्षेत्र के मोख्तियारपुर-बनबारीपुर पथ पर रविबार की रात्रि करीब 7 बजे अज्ञात अपराधियों द्वारा एक युवक की मोटरसाइकिल छीनने का मामला प्रकाश में आया है। तेयाय ओपी के तकिया निवासी आफताब आलम अपने किसी काम से मंझौल से घर लौट रहे थे कि उक्त पथ के बीच में बन रहे पावर ग्रिड के नजदीक कुछ बदमाशों द्वारा पिस्टल सटाकर उनसे मोटरसाइकिल छीन ली गयी। उक्त घटना के तीन घंटे बाद ही मोख्तियारपुर से गेंहू लदा ट्रक आ रहा था। उसे भी अज्ञात अपराधियों ने रोक कर कनपट्टी में पिस्टल सटाकर उसकी जेब में रखे करीब 3 हजार रुपये छीन लिये।

11 हजार वोल्ट के तार के करंट से महिला झुलसी

बेगूसराय। साहेबपुर कमाल प्रखंड क्षेत्र के सनहा पूरब निवासी जनक साह की पत्नी पिंकी देवी कुछ दिन से मनरेगा के तहत बजरंग चौक के पास लगे वृक्ष की सिंचाई और सफाई करती आ रही है। सुबह 11 बजे वह वृक्ष के आसपास खर-पतवार की सफाई कर रही थी। तभी पास से गुजरे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि पास से ही जा रहे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी। उसके बाद उसे किसी तरह से बचाया गया और उसे स्थानीय हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। ग्रामीणों की मानें तो उस जगह पर यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी दो लोग तार की चपेट में आ जाने से अपनी जान गंवा चुके हैं।

शौचालय निर्माण नहीं होने से खफा 13 वार्ड सदस्यों ने दिया इस्तीफा

बेगूसराय। नावकोठी पंचायत को लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय निर्माण नहीं करवाने से आक्रोशित सभी 13 वार्ड सदस्यों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। बीडीओ को दिये आवेदन में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2015-16 में इस पंचायत को निर्मल गांव घोषित किया गया था। जनसंख्या वृद्धि होने से लगभग 30 परिवार अब भी खुले में शौच जाने को बाध्य हैं। पदाधिकारी द्वारा वंचित परिवारों को भी इस योजना के लाभ की बात की थी, पर यह डपोरशंखी साबित हुई। इस्तीफा देने वालो में उपमुखिया विपिन रजक, रूबी देवी, रानी देवी, शोभा देवी, शकुंतला देवी, मीना देवी, कृष्ण नंदन जायसवाल, जय प्रकाश सहनी, मुकेश दास आदि शामिल हैं। बीडीओ की अनुपस्थिति में कार्यालय प्रधान को इन लोगों ने इस्तीफा पत्र दिया।

सकरबासा हत्याकांड मामले में एक को पुलिस ने लिया हिरासत में

बेगूसराय। बीते शुक्रवार को चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरबासा गांव निवासी सत्यनारायण यादव उर्फ सत्तो यादव हत्याकांड में थाने की पुलिस ने कांड की मुख्य आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई है। इससे बहुत जल्द मामले के उद्भेदन होने की संभावना है। वहीं हत्याकांड में चार अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के पुलिस दबिश बनाए हुई है। उक्त बाबत थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि कांड के मुख्य आरोपी ग्रामीण राजन यादव की पत्नी रेखा देवी की गिरफ्तारी हुई है। थानाध्यक्ष के अनुसार पुछताछ के दौरान रेखा चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने बताया कि सत्तो की मौत अंदरूनी चोट के वजह से हुई है।

24 घंटे के बाद गंगा नदी से निकाला गया मृतक का शव

बेगूसराय। बीते दिन गंगा नदी में डूबे दरभंगा निवासी गोपालजी झा का शव बरामद कर लिया गया। बेटे के शव को देखते ही गांव से अपने परिजनों के साथ आये मृतक के माता-पिता दहाड़ मारकर रोने लगे। उनके करुण विलाप से घाट पर उपस्थित लोगों की भी आंखें भर आयीं। चकिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के उपरांत पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया। परिजनों ने बताया कि आज ही सिमरिया में दाह संस्कार कर दरभंगा अपने गांव लौट जायेंगे। ज्ञात हो कि दरभंगा सकतपुर के नदियामी गांव निवासी राकेश झा के 18 वर्षीय पुत्र गोपालजी झा रविवार की सुबह अपने 28 दोस्तों के साथ गंगा स्नान व कलश स्थापना हेतु गंगा जल ले जाने सिमरिया आया था। नहाने के क्रम में डूबने से उसकी मौत हो गई।

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत

बेगूसराय। जीरोमाइल से लेकर राजेन्द्र पुल तक सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या लगातार बढती जा रही है। सोमवार को बीहट चांदनी चौक पर जीरोमाइल की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बीहट की आढत में सब्जी बेचने आये मैदा बभनगामा निवासी स्व. मो. वाहिद के 38 वर्षीय पुत्र मो. मनौव्वर को धक्का मार दिया। वह बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांचोपरांत डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ेंः सभी बेघरों को घर देने के लिए प्रतिबद्ध है बिहार सरकारः श्रवण कुमार

- Advertisement -