योगदा आश्रम लाक डाउन में पहुंचा जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच

0
402
योगदा सत्संग शाखा मठ ने कोविड-19 की वजह से हुए लाक डाउन में सहायता भरे अपने हाथ रांची के निकटवर्ती गांवों तक बढ़ाया है।
योगदा सत्संग शाखा मठ ने कोविड-19 की वजह से हुए लाक डाउन में सहायता भरे अपने हाथ रांची के निकटवर्ती गांवों तक बढ़ाया है।
  • हहाप पंचायत के सात गांवों के 500 परिवारों को दी सहायता सामग्री
  • अगले चरण में समाचारपत्र हाकरों तक अपने हाथ पहुंचाने का एलान

रांची। योगदा आश्रम की सत्संग शाखा मठ ने कोविड-19 की वजह से हुए लाक डाउन में सहायता भरे अपने हाथ रांची के निकटवर्ती गांवों तक बढ़ाया है। उसने गरीबों और जरूरतमंदों तक सूखे खाद्यान्न और अन्य जीवनोपयोगी सामग्री पहुंचाने के अपने अभियान की शुरूआत राजधानी क्षेत्र से की थी। राहत सामग्री के पैकेट आश्रम परिसर में स्वच्छता मानकों का अनुपालन करते हुए खुद संन्यासियों और स्वयंसेवकों द्वारा तैयार किये जाते हैं।

आश्रम सूत्रों ने बताया कि रविवार और शनिवार को निगम क्षेत्र से सटी हहाप पंचायत के सात गांवों लीबूडीह, हेसापीड़ी, सरवल, सपारोम, बुरुडीह और लदनापीड़ी में राहत अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला परिषद सदस्य और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा चिह्नित राशनकार्ड विहीन और बेरोजगार पांच सौ ग्रामीणों को जीवनोपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस सामग्री में 1,500 किलो चावल, 600 किलो दाल, 800 किलो आलू, 600 किलो प्याज, 250 लीटर सरसों तेल, 25 किलो हल्दी, एक हजार मास्क और  नहाने तथा कपड़े धोने के दो हजार साबुन शामिल थे।

- Advertisement -

इसके पूर्व के राहत अभियानों में छह हजार किलो खाद्यान्न, दो हजार किलो प्याज, पांच हजार किलो आलू, एक हजार लीटर सरसों तेल, तीस हजार नग साबुन और आठ हजार मास्क राजधानी रांची सहित विभिन्न ग्रामांचलों में वितरित किये जा चुके हैं। खास बात यह कि हर राहत शिविर में लाभुकों को कोविड के लिहाज से बरती जाने वाली सावधानियों की आश्रम के चिकित्सक द्वारा जानकारी दी जाती है।

योगदा संन्यासियों का कहना है कि इस पवित्र संस्था के संस्थापक और दुनिया भर में लोकप्रिय क्रियायोग गुरु परमहंस श्री श्री योगानंद के स्पष्ट विचार थे कि ईश्वर की अनुभूति सभी जीवों के प्रति दया भाव रखने से संभव है। स्वयं ईश्वर दया भाव से ओत-प्रोत हैं। मनुष्य होने का मतलब ही है, दूसरों के हृदय में अपनी जगह बनाओ और उनकी तकलीफों की स्वानुभूति करते हुए उन्हें दूर करने के प्रयास करो। उन्होंने कहा कि स्वामी जी के ऐसे ही वचनों पर अमल करते हुए योगदा आश्रम हमेशा सक्रिय रहता है, खासकर आपदा के समय इस दिशा में वह आगे-आगे चलने का हिमायती है।

आश्रम ने लाक डाउन के दौरान जरूरतमंदों  को सहायता सामग्री उपलब्ध कराने का अभियान जारी रखने की बात दोहराई है। अभियान के अगले चरणों में विशेषकर ग्रामांचल और समाचार पत्र हाकरों तक सहायता के अपने हाथ पहुंचाने की आश्रम सूत्रों ने जानकारी दी है। उन्होंने निवेदन किया है कि इस सहायता अभियान में भागीदार बनने के इच्छुक महानुभाव एचटीटीपीएसः//वाईएसएसआफइंडिया डाट ओआरजी/डोनेट फार-कोविड-पीएचपी पर संपर्क कर सकते हैं।

- Advertisement -