पीएम नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद

0
76

हजारीबाग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हमारा बूथ सबसे मजबूत’ संवाद कार्यक्रम के तहत हजारीबाग व रामगढ़ के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया। इस मौके पर केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री व सांसद जयंत सिन्हाभी सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रामगढ़ में मौजूद थे।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपक्ष की कुप्रचार नीति पर प्रधानमंत्री से प्रश्न किया। जिसके उत्‍तर में प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने बीते चार वर्षों में विकास के तमाम कीर्तिमान स्थापित किये। हर गांव व शहर में विकास की योजनाएं धरातल पर साकार की। सड़क, सिंचाई, स्वच्छता समेत अनेक मोर्चों पर काम हुआ है जिससे 2014 से पहले और आज की स्थिति में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। यह विकास विपक्ष पचा नहीं पा रहा है और दुष्प्रचार में जुटा हुआ है।

- Advertisement -

विपक्ष की जोड़-तोड़ की नीति के प्रश्न पर उत्तर देते हुए प्रधानमंत्री जी ने कहा कि यह उनकी साठ-सत्तर वर्षों की असफलता का परिणाम है। विपक्षी पार्टियां जनता से संबंधित हर मोर्चे पर विफल रही हैं और भाजपा सरकार द्वारा हो रहे विकास से उनके मन में भारी अकुलाहट है। अतः पार्टी कार्यकर्ताओं को इस ओर ध्यान न देकर अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन और देश के विकास में रत रहना चाहिये।

प्रधानमंत्री ने बताया कि वीआईपी कल्चर का उन्मूलन कर जनता के उत्थान में सरकार की योजनाओं ने अहम् योगदान दिया है। उदाहरण स्वरूप उज्ज्वला योजना से हर धर्म, वर्ग व क्षेत्र की महिलाओं को लाभ पहुंचा है। गांव में रहने वाला आम आदमी भी बीमा जैसी सुविधाओं का लाभ ले पा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य सभी विकासशील योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने हेतु हम निरंतर कार्यरत और तत्पर हैं। जनता की सेवा में ही हमारे संगठन का उत्थान निहित है।

जयंत सिन्हा ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी को उनका सानिध्य प्राप्त हुआ। उनके मार्गदर्शन से उनमें एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। प्रधानमंत्री ने इस दौरान हजारीबाग के अलावा नवादा, अरुणाचल प्रदेश पश्चिमी, गाजियाबाद और जयपुर ग्रामीण संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नमो एप के माध्यम से सीधा संवाद किया।

 यह भी पढ़ेंः झारखंड के सीएम रघुवर की राय- शिक्षा ऐसी हो, जो रोजगार दे सके

- Advertisement -